·
उत्साह से भरी वसुंधरा लेंगी सुराज का संकल्प, चारभुजा की भीड़ करेगी फैसला,
·
राज्यभर से कार्यकर्ता रवाना, नेताओं की नई टीम ने उठाया नए राजस्थान का बीड़ा
चारभुजाधाम, 3 अप्रेल। आत्मविश्वास से लकदक और उत्साह से भरपूर पूर्व मुख्यमंत्री वसुंधरा राजे सुराज लाने का संकल्प लेकर गुरुवार को शुभ मुहूर्त में प्रसिद्ध चारभुजाधाम से आन और बान के लिए सुपरिचित मेवाड़ से राजस्थान की यात्रा पर निकलेंगी। भाजपा के राष्ट्रीय अध्यक्ष राजनाथ सिंह इस अवसर पर हरी झंडी दिखाने के लिए उपस्थित रहेंगे। चारभुजाधाम से ऐतिहासिक जमावड़े के लिए राज्यभर से कार्यकर्ताओं ने रवाना होना शुरू कर दिया है। प्रदेश भाजपा के कुछ बड़े नेता जरूर मनो मालिन्य का शिकार हैं लेकिन शहरों में वार्ड स्तर और दूरदराज की गांव-ढाणियों तक से कार्यकर्ताओं में चारभुजाधाम पहुंचने की ललक है।
राजस्थान में भाजपा की नई टीम आकार ले रही है और नया राजस्थान बनाने की दिशा में उनकी पहली परीक्षा कल से शुरू होने जा रही है।राजे की सुराज संकल्प यात्रा के तहत मेवाड़ में 13 दिन में 35 सभाएं होंगी। कल मेवाड़ के प्रसिद्ध धाम चारभुजा जी से यात्रा का शुभारम्भ होगा। यात्रा 6 अप्रेल को उदयपुर जिले के गोगुंदा क्षेत्र में प्रवेश करेगी, यहां से जसवंतगढ़, मालवा का चौराहा, देवला, सुराज, जोगीवड़ होते हुए आदिवासी बाहुल्य कोटड़ा में पहुंचेगी। यहां पर वसुंधरा की सभा होगी। वे रात्रि विश्राम झाड़ोल में करेंगी, 7 अप्रेल को उनकी झाड़ोल में सभा होगी। 9 अप्रेल को यात्रा मानपुर धाम होते हुए डूंगरपुर जिले में प्रवेश करेगी। इसके बाद यात्रा 14 अप्रेल को वापस उदयपुर जिले में प्रवेश करेगी। यात्रा का पहला चरण 16 अप्रेल को उदयपुर शहर में पूरा होगा।यात्रा को सफल बनाने के लिए प्रदेश भाजपा ने पूरी ताकत झोंक दी है। चारभुजा जी में कल होने वाली सभा को वसुंधरा के शक्ति प्रदर्शन के तौर पर देखा जा रहा है। यही कारण है कि सभा में अधिक से अधिक भीड़ जुटाने के लिए पार्टी नेताओं और कार्यकर्ताओं ने जी जान लगा दी है। पार्टी के प्रदेश पदाधिकारियों ने वहां डेरा डाल रखा है। पिछले कई दिनों से उदयपुर में पार्टी पदाधिकारियों और कार्यकर्ताओं की बैठकों का दौर जारी है। कार्यकर्ताओं को अधिकाधिक संख्या में यात्रा में शामिल होकर सफल बनाने का आह्वान किया जा रहा है। वार्ड स्तर तक टोलियों का गठन किया गया है। पार्टी के विभिन्न मोर्चों के पदाधिकारियों ने भी अपने-अपने स्तर पर कार्यकर्ताओं के साथ जिले में मोर्चा संभाल रखा है।
महिला मोर्चा की ओर से पूरे जिले में पीले चावल बांट कर कार्यकर्ताओं से अधिक से अधिक संख्या में यात्रा में शामिल होने का आह्वान किया गया है। यात्रा मार्ग में बड़ी संख्या में तोरण द्वार बनाए गए हैं और अलग-अलग स्थानों पर कार्यकर्ताओं की टीम तैनात की गई हैं। दर्जनों स्थानों पर स्थानीय लोग यात्रा का स्वागत करेंगे। पूरे यात्रा मार्ग को पोस्टर और बैनर से पाट कर भाजपामय बना दिया गया है।
No comments:
Post a Comment