गोवा में निर्धारित तिथि से जल्दी पहुंचा, आगे बढऩे की रफ्तार सामान्य, अच्छी वर्षा के आसार
जयपुर, 5 जून। दक्षिण पश्चिम मानसून इस बार अपने तय समय से एक-दो दिन पहले राजस्थान में दस्तक दे सकता है। मानसून के आगे बढऩे की रफ्तार अच्छी है, केरल के बाद गोवा में भी इसने पूर्वानुमान की तुलना में दो दिन पहले ही दस्तक दी और आगे भी अनुकूल परिस्थितियां बन रही हैं।
राजस्थान में सामान्यतौर पर मानसून प्रवेश की तिथि 15 से 20 जून मानी जाती है लेकिन जिस तरह से इस बार मानसून आगे बढ़ रहा है अगर मौसम तंत्र नहीं बिगड़ा तो यह 13 से 18 जून के बीच राज्य में दस्तक देगा। केरल को अनुमान से दो दिन पहले भिगोने वाले मानसून की तेज चाल बरकरार है। गोवा में दक्षिण-पश्चिम मानसून ने अनुमानित तिथि से दो दिन पहले ही दस्तक दी।
इसे देश में मानसून के समय से पहुंचने और सामान्य बारिश के लिए अच्छा संकेत माना जा रहा है। भारतीय मौसम विभाग की गोवा शाखा के निदेशक केवी सिंह ने मानसून के राज्य में आगमन और समय से दो दिन पहले यहां पहुंचने की पुष्टि की है। उन्होंने इसे देश में अच्छी वर्षा की संभावनाओं के लिए सुखद खबर बताया है।मानसून के बादल एक जून को केरल पहुंचे थे और इसके गोवा पहुंचने में महज तीन दिन लगे। जो अब गोवा की सीमा से आगे बढ़ रहे हैं। मौसम विभाग की मानें तो राजस्थान में 1 जुलाई तक पूरी तरह सक्रिय हो जाएगा। जबकि पिछले कुछ सालों में प्रदेश में 10 जुलाई तक ही मानसून सक्रिय हो पाया है। हवाओं की रफ्तार सामान्य बनी हुई है, यही कारण है कि मौसम विभाग इस बार अच्छे मानसून का पूर्वानुमान कर रहा है।
No comments:
Post a Comment