PHOTOS

Saturday, January 19, 2013

भर्ती के विरोध में किया प्रदर्शन







बीकानेर !
इंजीनियरिंग कॉलेज में शैक्षणिक पदों पर कार्मिकों की भर्ती परीक्षा के विरोध में शनिवार को एक बार फिर शैक्षणिक व अशैक्षणिक कर्मचारियों ने प्रदर्शन किया। कॉलेज पहुंचे कार्मिकों ने ईसीबी सोसायटी विकास समिति के बैनर तले टायर जलाया और विरोध स्वरूप जमीन पर लेटकर प्रदर्शन किया। इसके बाद कार्मिक कलेक्ट्रेट भी पहुंचे। यहां पर कार्मिकों ने भर्ती के विरोध में मानव शृंखला बनाकर प्रदर्शन किया और भर्ती को स्थगित करने के संबंध में कलेक्ट्रेट को ज्ञापन सौंपा। इसके बाद कार्मिकों ने कर्मचारी मैदान में बैठक की।
इससे पूर्व कॉलेज पहुंचे कार्मिकों ने कॉलेज प्रशासन के प्रायोगिक

परीक्षा स्थगित कर शनिवार को छुट्टी के निर्णय पर रोष प्रकट किया। विरोध स्वरूप कार्मिकों ने कॉलेज परिसर में ही प्राचार्य के खिलाफ नारेबाजी करना शुरू कर दिया। समिति के कार्मिकों ने बताया कि छात्रों के हितों को देखते हुए एक दिन के लिए धरना स्थगित किया गया था तथा शनिवार को काली पट्टी बांध कर विरोध करने का निर्णय लिया गया था परंतु कॉलेज प्रशासन की ओर से कॉलेज में छुट्टी करने से कर्मचारियों में रोष है। वहीं दूसरी ओर सरकार की ओर से भर्ती प्रक्रिया को रोकने के संबंध में भी जवाब नहीं आने पर संघर्षरत कार्मिकों ने कॉलेज परिसर के आगे टायर जलाकर आक्रोश व्यक्त किया। कार्मिकों ने कहा कि सरकार का संवेदनशीलता व पारदर्शिता का नारा झूठा है। सरकार अपनी हठधर्मिता पर उतारू है। पिछले चार दिनों से कार्मिक भर्ती प्रक्रिया के विरोध में प्रदर्शन कर रहे हैं। इसके बाद भी सरकार ने अभी तक इस संबंध में कोई जवाब नहीं दिया है। इसके बाद कलेक्ट्रेट पहुंचे कार्मिकों ने वहां प्रदर्शन के बाद कर्मचारी मैदान में आयोजित हुई सभा में कहा कि सरकार को कमेटी बनाकर भर्ती की वैधानिकता की जांच करनी चाहिए। यह भर्ती अनियमित तरीके से आयोजित की जा रही है। जिसे कर्मचारी वर्ग बर्दाश्त नहीं करेगा। यदि जल्द से जल्द भर्ती को रद्द नहीं किया गया तो आंदोलन तेज किया जाएगा। बैठक में समिति के ओपी जाखड़, शौकत अली, सुभाष कुमार, चक्रवती नारायण श्रीमाली, राजेंद्र सिंह शेखावत, धर्माराम गोदारा, शशि शेखर जोशी, संतोष पुरोहित, दिनेश पारीक आदि शामिल हुए।

No comments:

Post a Comment